आयकर विभाग ने आय छुपाने वाले 250 लोगों को दिए नोटिस
मेरठ। आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण आयकर निदेशक शुमाना सेन ने कहा कि ऐसे सभी करदाताओं जिन्होंने अपनी वार्षिक आयकर विवरणी (इनकम टैक्स रिटर्न) में संगत आकलन वर्ष के अपने सभी वित्तीय लेनदेन का विवरण पूर्ण एवं सत्य रूप से नहीं दर्शाया है। उनकी पहचान करके 250 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी भैसाली ग्राउंड स्थित आयकर भवन में ई सत्यापन योजना के प्रावधानों पर आयोजित सेमिनार में दी। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत समस्त प्रक्रिया ई पोर्टल पर की जा रही है। यदि करदाता का स्पष्टीकरण साक्ष्यों के अभाव में संतोषजनक नहीं पाया जाता तो करदाता के विरुद्ध स्क्रूटनी एसेसमेंट की कार्रवाई की जाएगी।
आयकर अधिनियम की धारा 139 (8 अ) के अंतर्गत बेमेल अथवा छूटे हुए वित्तीय विवरण को समावेशित करने एवं देय आयकर का भुगतान करके अपनी आयकर विवरणी को अपडेट करने का अवसर दिया जा रहा है। अनेक करदाताओं ने नोटिस मिलने के बाद अपनी आयकर विवरणी को अपडेट किया है तथा संबंधित टैक्स की रकम जमा करने की सूचना विभाग को दी है।
कार्यक्रम में इनकम टैक्स बार एसोसिएशन के अधिवक्ता व सीए उपस्थित रहे। उन्होंने करदाताओं की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। इनकम टैक्स बार एसोसिएशन मेरठ के संयुक्त सचिव पुलकित मित्तल तथा सीए आदित्य जिंदल ने मुख्य रूप से ई सत्यापन के संबंध में व्यवहारिक समस्याओं को समाधान के लिए विभाग के सामने रखा। सेमिनार में आयकर विभाग मेरठ में आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण कार्यालय के आयकर अधिकारी पंकज शर्मा, आयकर निरीक्षक अंकुश तोमर रहे।