खरखौदा। जिले में प्रथम स्थान पाने वाले गांव फफूंडा के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक का करीब एक वर्ष पूर्व जिलाधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण किया था। स्कूल में स्मार्ट क्लास के जरिए पढ़ाई की जाती है। पंजीकृत बच्चों की संख्या के अनुरूप स्कूल में पर्याप्त कक्ष नहीं थे। वहीं, प्रधानाचार्य कौसर जहां ने स्कूल के लिए जिलाधिकारी से कक्ष निर्माण की मांग की थी। जिसमें जिलाधिकारी ने योजना के तहत तीन कक्षों का निर्माण कराया था। शुक्रवार को स्कूल पहुंचे दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर ने तीनों कक्षों का उद्घाटन किया। वहीं, ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने उक्त स्कूल को गोद लिया है। वहीं, कार्यक्रम में स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य पति संदीप प्रधान ने बताया कि यह स्कूल पब्लिक स्कूल की बराबरी कर रहा है। जिस कारण उसने अपनी इकलौती बेटी को इसी विद्यालय में दाखिला दिलाया है। वहीं, संदीप प्रधान ने भी इस स्कूल के लिए एक एसी देने की घोषणा की है। इस अवसर पर सहायक शिक्षा निदेशक मेरठ मंडल डॉ. अशोक कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, ललित कुमार, मेहताब पहलवान, अनिल, फरहान, पूजा, ऊषा सहित कई लोग मौजूद रहे।