सहारनपुर में धर्म परिवर्तन की मुहिम चला रहे सात विदेशी नागरिकों को खुफिया विभाग ने हिरासत में लिया है। खास बात है कि इनमें दो युवक और पांच महिलाएं शामिल है। लगभग दस दिन से ये विदेशी नागरिक सहारनपुर में रहकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रहे थे और धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को उकसा रहे थे। फादर जोन वेस्ले की शिकायत पर खुफिया विभाग ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आईबी और एलआईयू की टीमें विदेशियों से पूछताछ कर रही हैं।
सहारनपुर में कुछ दिनों से विदेशी नागरिकों की अलग-अलग टीमें शहर के अलग-अलग मोहल्लों में घूमकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि इन विदेशी नागरिकों ने गैर ईसाई परिवारों के घरों में जाकर उन्हें ईसाई धर्म के बारे में बताया और उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। स्थानीय पादरी जॉन वेस्ले ने इसकी सूचना खुफिया विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को दी। जिस पर खुफिया विभाग ने इनका तीन दिन तक पीछा किया। रात में जगह-जगह सभाएं किए जाने का मामला भी सामने आया। बुधवार को लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रणवीर सिन्हा बताया। उसने बताया कि वह आसाम का रहने वाला है और फिलहाल वह पश्चिमी दिल्ली के रनहोला विलेज नांगलोई में रह रहा है। उसके पास से दिल्ली का ही आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। उसने बताया कि उसके साथ लगभग 12 विदेशी लोग हैं, जिनमें कुछ दक्षिण कोरिया के हैं और कुछ मलेशिया के रहने वाले हैं। रणवीर सिन्हा की सूचना पर खुफिया विभाग की टीम ने नवीन नगर में शनिदेव मंदिर के पास छापा मारा। वहां से सात विदेशियों को हिरासत में ले लिया। जबकि अन्य लोग फरार हो गए। खुफिया विभाग की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी लोग साउथ कोरिया के रहने वाले हैं और ईसाई धर्म का प्रचार कर रहे थे। वे लोगों को ईसाई धर्म का सही ज्ञान दे रहे थे। खुफिया विभाग की टीमें विदेशियों से पूछताछ कर रही हैं।