रजपुरा गांव में साइकिल और बुग्गी में टकराने को लेकर शनिवार सुबह जातीय खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्ष में मारपीट और पथराव हो गया, जिसमें छह लोग घायल हुए। हालात बेकाबू होने पर पांच थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात करनी पड़ गई। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
गंगानगर थानाक्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी आदेश सिवाच के बेटे विपिन व नरवीर शुक्रवार दोपहर भैंसा बुग्गी लेकर जा रहे थे। गांव में सुभाष जाटव के बेटे अभिषेक (12) की साइकिल बुग्गी में टकरा गई। जिस पर दोनों पक्ष में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इस मामले को दोनों पक्ष के लोगों ने बातचीत कर सुलझा लिया था। आरोप है कि शनिवार सुबह सुभाष जाटव के परिवार के लोगों ने आदेश की दूध की डेयरी पर धावा बोला।
जहां पर आदेश सिवाच के दोनों बेटे विपिन, नरवीर व पड़ोसी अमित, राहुल थे। जिन पर दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला बोला। जिसमें चारों लोग घायल हो गए। इसका पता लगते ही आदेश पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। चर्चा है कि कई राउंड हवाई फायरिंग भी हुई। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालात बेकाबू होने पर पांच थाने की पुलिस लेकर सीओ सदर देहात मौके पर पहुंचे।
घेराबंदी कर पांच आरोपी दबोचे
पुलिस और पीएसी बल तैनात कर सीओ सदर देहात यूएन मिश्रा ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने डालचंद व उसके बेटे अंकित, चिंटू, गौरव और गोविंद पुत्र ओमपाल को गिरफ्तार किया, जबकि नामजद पवन पुत्र टीकाराम मौके से फरार हो गया।
जिससे झगड़ा हुआ, वो नामजद नहीं?
आदेश ने सुभाष जाटव व उसके बेटे अभिषेक को नामजद नहीं किया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को झगड़े का मामला निपट गया था। सुभाष के परिवार के लोगों ने शनिवार सुबह उनकी डेयरी पर आकर हमला बोला है। इसलिए उनको ही नामजद किया गया। सुभाष से उनको पहले कोई विवाद नहीं थी। जिसने हमला किया, हमने उनको ही आरोपी बनाया है।
एक पक्ष तो गांव से फरार
जातीय संघर्ष होने के बाद एक पक्ष गांव से फरार हो गया है। पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि जो आरोपी है उन पर ही कार्रवाई की जाएगी। बेवजह इस मामले को जातीय संघर्ष मत बनाओ। किसी को भी गांव से जाने की जरूरत नहीं है। एहतियात के तौर पर रजपुरा गांव में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया है। पुलिस किसी को बेवजह नहीं उठाएगी।
थाने में आरोपी को पीटा
जानकारी लगते आदेश पक्ष के करीब 100 से अधिक लोग गंगानगर थाने में पहुंच गए। आरोप है कि नामजद आरोपी गोविंद को लोगों ने थाने में पुलिस के सामने ही पीटा। हालांकि पुलिस ने मारपीट करने वालों को धमकी दी कि अगर वह थाने से नहीं गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद रजपुरा गांव के लोग थाने से वापस चले गए।