मेरठ। लोहियानगर में अधिवक्ता मौ. हाशिम के साथ छह आरोपियों ने व्यापार के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपियों ने अधिवक्ता को व्यापार में पैसे के मुनाफे का प्रलोभन दिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। मुकदमा दर्ज के बाद पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
लोहियानगर के पीपलीखेड़ा गांव निवासी अधिवक्ता मौ. हाशिम ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि हुमायूं नगर निवासी अथर अली ने उनकी मुलाकात तीन वर्ष पूर्व आसिफ सैफी, साकिब सैफी व सलीम सैफी निवासी परतापुर और अलका व विकास मलिक से कराई थी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने बताया था कि वह पैसा निवेश करने वाली एक कंपनी में कार्यरत है। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कंपनी में रुपये लगाने के लिए कहा। जिस पर पीड़ित ने आरोपियों के कहने पर उनके खाते में कई बार में पैसे डाले। वहीं कुछ पैसा आरोपियों को नगद दिया। इस दौरान पीड़ित ने कुल ढाई लाख रुपये आरोपियों को दिए। पीड़ित का आरोप है कि उसने आरोपियों से अपने मुनाफे के बारे में जानकारी ली। जिस पर आरोपी उसे टरकाते रहे। पीड़ित को खुद के साथ धोखाधड़ी का की जानकारी हुई। पीड़ित ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है की आरोपी युवक पैसे वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।