किठौर। हसनपुर कला में पारिवारिक कलह के चलते विवाहिता पर अपने मायके वालों को बुलाकर पति तथा ससुरालियों के साथ गाली गलौज तथा मारपीट करने का आरोप लगा है। इस संबंध में पुत्रवधू के भाई, पिता व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि मारपीट में उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हसनपुर कला निवासी शशि ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पुत्र अंकित की शादी मेरठ के कालिया गढ़ी निवासी शिवानी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही शिवानी घर में मामूली बात पर कलह रखती है। शोर शराबा मचाते हुए उनके साथ गाली गलौज करती है। आरोप है कि विरोध करने पर शिवानी अंकित और अपने ससुरालियों के साथ मारपीट पर आमादा रहती है।
आरोप है कि दो दिन पूर्व घर में झगड़ा कर मायके से अपने भाई तुषार, शिवा और पिता तथा एक अज्ञात युवक को बुला लिया और उसके पुत्र के साथ जमकर मारपीट कर गले पर चाकू से प्रहार किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़िता ने शिवानी और उसके मायके वालों से जान का खतरा बताते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।