कस्तला में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग, कई घायल
गंगानगर। इंचौली थाना क्षेत्र के कस्तला गांव में रविवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग भी हुई। गोली के छर्रे लगने से दो लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, इस घटना से संबंधित कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इनमें आरोपी छत से पथराव करते हुए दिख रहे हैं। पुलिस इन वीडियो के आधार पर भी जांच कर रही है।
कस्तला निवासी प्रताप के मुताबिक कुछ समय बच्चों की बात पर रवि नागर और त्रिलोक पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था। इसी विवाद में रविवार सुबह दोबारा दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि त्रिलोक, बिजेंद्र, सोनू सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पहले लाठी-डंडे चले। बाद में फायरिंग की गई। दीपक के पैर में छर्रे लगे। तिलकराम के पेट और सिर में छर्रे लगे हैं। घटना में प्रताप, दीपक, तिलकराम, रवि नागर, सौरभ सहित अन्य लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों ने काफी देर तक फायरिंग की और पथराव भी हुआ। घटना की सूचना पर इंचौली पुलिस गांव में पहुंची। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने बताया कि रविवार को कस्तला निवासी त्रिलोक चंद अपने समधी के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। थाना पुलिस के अनुसार जानलेवा हमले और शांति भंग के आरोप में 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें त्रिलोक, बिजेंद्र और सोनू को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।