कस्बे में मौजूद राजकीय महाविद्यालय परिसर में मौजूद शिक्षक स्रोत महाविद्यालय
हस्तिनापुर। कस्बे के राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर विनीता राठी के निर्देशन में शनिवार को परीक्षा समिति एवं महाविद्यालय के अन्य शिक्षकों की बैठक की गई। इसमें शिक्षकों की ओर से फीस को लेकर मंथन किया गया। तय किया गया कि छात्राओं की फीस को छात्रों से कम रखी जाए।
शिक्षकों ने बताया कि यहां आधुनिक पद्धति से शिक्षा दी जाएगी। महाविद्यालय में संचालित बीए, बीएससी और बीकाम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा शुल्क पर विचार विमर्श हुआ। इसमें बीए में छात्रों का प्रवेश शुल्क 1776 रुपए रखा गया। छात्रों का शुल्क प्रयोगात्मक परीक्षा के साथ 2046 रुपये रखा गया। बीए में ही प्रवेश लेने वाली छात्राओं का शुल्क 1644 और प्रयोगात्मक विषय के साथ 1914 रुपये निर्धारित किया गया। बीकॉम में प्रवेश लेने वाले छात्रों का शुल्क 1776 रुपये निर्धारित किया गया। बीकॉम में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के लिए 1644 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया।
बीएससी. में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए प्रवेश शुल्क 2046 रुपये तय किया गया। वहीं, छात्राओं के लिए शुल्क 1914 रुपये रहेगा। विज्ञान वर्ग में दो प्रयोगात्मक विषयों के साथ 240 रुपए प्रति विषय अतिरिक्त शुल्क देय होगा। प्राचार्य विनीता राठी ने प्रवेश प्रक्रिया संबंधी अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर डॉक्टर जितेंद्र बालियान, डॉ संजीव कुमार यादव, डॉ समता तोमर, डॉ रेनू जैन और डॉ मोनू सिंह उपस्थित रहे।