परीक्षितगढ़। मायके पक्ष के लोगों ने शनिवार रात नगर के शिव चौक मोहल्ला रामनगर दरवाजा निवासी अपने दामाद को विवाद के चलते लाठी-डंडों से मारपीट घायल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर पर पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने पत्नी, सास, ससुर का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। घायल पति को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना भावनपुर के गांव किनानगर निवासी हुमेंद्र त्यागी पुत्र सरजीत त्यागी की शादी एक वर्ष पूर्व नगर के मोहल्ला राम नगर दरवाजा निवासी विकास त्यागी की बेटी पूजा त्यागी के साथ हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। विवाद के चलते पत्नी अपने मायके चली गई। शनिवार की रात पूजा के मायके वालों ने दामाद हुमेंद्र को अपने घर बुलाया। हुमेंद्र व ससुराल पक्ष के लोगों के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगी। ससुर विकास त्यागी, साला मोनू, सोनू, पत्नी पूजा त्यागी ने लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया।
ससुराल पक्ष के लोग हुमेंद्र के साथ मारपीट करते हुए वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पीड़ित हुमेंद्र थाने पहुंचा और ससुर, साले व पत्नी के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पत्नी पूजा, ससुर विकास त्यागी, साले मोनू का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।