-कैंट विधानसभा की विद्युत समस्याओं को लेकर पीवीवीएनएल एमडी से मिले विधायक अमित अग्रवाल
विद्युत समस्याओं को लेकर पीवीवीएनएल के एमडी से मिलकर कैंट विधायक ने दिया सुझाव
-बिजनेस प्लान तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों की राय लेने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विद्युत समस्याओं को लेकर कैंट विधायक अमित अग्रवाल पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता से मिले। उन्होंने कैंट क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर नाखुशी जताते हुए उनका जल्द समाधान कराने के लिए कहा। विधायक ने एमडी से कहा कि गर्मी के मौसम में कुछ समय क लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर उपभोक्ताओं को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
कैंट विधायक ने एमडी से कहा कि रिवेंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत बदले गए विद्युत तारों का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। लगाए गए तारों के बार-बार फुंकने से बिजली संकट गहरा रहा है। कैंट क्षेत्र में खुले एवं नंगे तार खंभों पर बंधे हुए हैं, इससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इन्हें कवर किया जाना चाहिए। विद्युत निगम द्वारा बिजनेस प्लान तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों एवं लोगों से फीडबैक लिया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जा सकें।
बैठक में कैंट विधायक ने सड़क पर गलत तरीके से लगे विद्युत खंभों को शिफ्ट करने, बढ़ते विद्युत भार के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी एमडी से कहा।
विधायक ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्यों में विद्युत पोल बाधा बन रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कैंट विधानसभा क्षेत्र में तीन नए बिजलीघर स्थापित किए जाए। प्रबंध निदेशक ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।