कोरोना से बचाव का टीका लगाया, नहीं हुई परेशानी
सरधना/दौराला। दौराला सीएचसी पर कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया। इसे लेकर प्रशासन की तरफ से दो केंद्र बनाए गए। दोनों पर स्वास्थ्यकर्मियों को सीसीटीवी की निगरानी में टीका लगाया गया। वहीं सरधना सीएचसी पर भी टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को कोई परेशानी नहीं हुई।
दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि दोनों केंद्रों पर 250 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला था। सुबह 9 बजे से टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। एक सेंटर पर डॉ. हरगोविंद और दूसरे सेंटर पर सुपरवाइजर राजकुमार को पहला टीका लगाया गया। देर शाम पांच बजे तक टीकाकरण का कार्य किया गया। टीकाकरण सीसीटीवी की निगरानी में किया गया। इस दौरान किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को कोई परेशानी नहीं हुई। नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा रहे। देर शाम तक 178 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। डॉ. हरगोविंद, डॉ. बिजेंद्र, संदीप विल्टोरिया ने बताया कि कोरोना काल में स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए लोगों की देखभाल की। डॉ. मुकेश सिवालिया, डॉ. सारंग चौहान, डॉ. रोहित, डॉ. अलका, डॉ. मनोज आदि मौजूद रहे।
दो घंटे देरी से शुरू हुआ टीकाकरण
सरधना/जानीखुर्द/माछरा। सरधना सीएचसी पर बृहस्पतिवार को सुबह 9 बजे की जगह 11 बजे टीकाकरण शुरू हो सका। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मौसम ज्यादा सर्द होने और स्वास्थ्यकर्मियों के ड्यूटी पर देरी से पहुंचने के कारण व्यवस्था बनाने में परेशानी हुई। बृहस्पतिवार को 112 लोगों को टीकाकरण किया जाना था। इनमें 103 को ही टीका लगाया गया। टीका लगवाने के बाद सभी को आधा घंटे तक निगरानी कक्ष में रखा गया, लेकिन किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। जानीखुर्द के सीएचसी पांचली खुर्द में प्रभारी डॉ. महेश चंद्रा के अनुसार केंद्र पर 134 डाक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ, आशाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। सबसे पहले डॉ. महेश चंद्रा ने टीका लगवाया। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक विकास कुमार, डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. विवेक कुमार गोस्वामी, एनएम मिथलेश ने टीका लगवाया। सुभारती अस्पताल में बृहस्पतिवार को टीकाकरण के लिए 625 लाभार्थियों की लिस्ट शासन से आई थी। सुभारती के 395 डॉ., पैरामेडिकल स्टाफ ने ही टीकाकरण करवाया। वहीं माछरा सीएचसी पर विधायक सत्यवीर त्यागी ने अभियान का शुभारंभ किया। सीएचसी पर 125 के स्थान पर 88 स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाडी, आशा कार्यकर्ताओं ने टीकाकरण कराया। सीएचसी प्रभारी डॉ. आलोक नायक, नोडल अधिकारी डॉ. मनीष वर्मा मौजूद रहे।
130 लोगों की जांच की
सरधना। सरधना सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सरधना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना की जांच के लिए 130 लोगों की जांच की गई। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। अभी भी लोगों को कोरोना के प्रति सतर्कता बरतने की जरूरत है।