संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। रूहासा गांव में दो दिवसीय सईद अख्तर मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में इम्मू क्लब साई सोनीपत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में इम्मू क्लब ने मुकुल क्लब लखावटी को हराकर जीत दर्ज की। बिलाल क्लब रूहासा ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, बिजनौर और उत्तराखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमों ने भाग लिया। प्रो कबड्डी खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अपने दमदार खेल से दर्शकों को रोमांचित किया। रात में हुए मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे। प्रतियोगिता के आयोजक रफियो रिजवी और डॉ. अंसार रिजवी रहे। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी भानु प्रताप तोमर और डिस्कस थ्रो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ओलंपियन कोच अंकुश पूनिया रहे। कमेटी पदाधिकारियों अरीज रिजवी, अर्श रिजवी, फैसल रिजवी एडवोकेट, एसएस रिजवी और साजिद रिजवी ने अतिथियों का स्वागत किया।
अतिथियों ने विजेता इम्मू क्लब को 51 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की। उपविजेता मुकुल क्लब लखावटी को 31 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही बिलाल क्लब रूहासा को 21 हजार रुपये दिए। खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जुबेर रिजवी, चीकू रिजवी, साऊल रिजवी, शरीफ बीडीसी, सईम रिजवी और सब्बू रिजवी सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।