शॉप्रिक्स मॉल के पास से हटवाई अवैध पार्किंग
मेरठ। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को शॉप्रिक्स मॉल के सामने बिजली बंबा बाईपास पर चलाई जा रही अवैैध पार्किंग हटवा दी। प्रवर्तन दल ने फिर से यहां गाड़ी खड़ी कराने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नगर निगम ने नवंबर 2020 से 31 मार्च 2021 तक के लिए शॉप्रिक्स मॉल पर पार्किंग का ठेका छोड़ा हुआ है। ठेका लेने वाली फर्म सतवा राठी के संचालकों ने सत्ताधारी नेता के संरक्षण के चलते बिजली बंबा बाईपास की तरफ सीओ ऑफिस के पास भी पार्किंग शुरू कर रखी थी। यहां खड़े होने वाले वाहनों से लगातार वसूली की जा रही थी। ठेका फर्म संचालक बाकायदा अपने आदमी यहां बैठाकर पार्किंग का संचालन करा रहा था। इस पार्किंग की वजह से यहां आए दिन जाम लगता है। लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम ने शुक्रवार को इस पर संज्ञान लिया। इसके बाद सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय ने अवैध पार्किंग हटवाने के लिए प्रवर्तन दल को भेज दिया। प्रवर्तन दल सह प्रभारी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट शक्ति सिंह मलिक ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को हटवा दिया। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह फिर से निरीक्षण किया जाएगा, यदि पार्किंग चलती मिली तो गाड़ियों को ट्रैफिक पुलिस बुलाकर उठवाया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय का कहना है कि दिल्ली रोड की आड़ में बिजली बंबा बाईपास की तरफ अवैध रूप से पार्किंग चालू करने की शिकायत मिली थी। पार्किंग संचालक से जवाब तलब किया गया है। यदि फिर से पार्किंग हुई तो ठेकेेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वैध पार्किंग की आड़ में कहीं पर भी अवैध पार्किंग नहीं चलने दी जाएगी।