संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव पाबली खास निवासी शाह आलम पुत्र आसिफ खान ने कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण ने इस संबंध में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि कुछ ग्रामीणों ने कब्रिस्तान की भूमि पर जबरन कब्जा कर प्लॉटिंग करने की कोशिश की जा रही है। शाह आलम ने बताया कि पहले भी उन्होंने उपजिलाधिकारी को शिकायत दी थी। इसके बाद लेखपाल ने मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश और निशान लगाकर कब्रिस्तान की सीमा तय की थी लेकिन प्रार्थी का कहना है कि लेखपाल द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर भी कब्जा जारी है। विपक्षी अब भी अवैध गतिविधि से नहीं रुक रहे हैं। प्रशासन से अपील की है कि पुलिस, लेखपाल और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कब्रिस्तान की भूमि की दोबारा पैमाइश कराकर उसे कब्जा मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।