बड़ी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार बनाने का भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। बरामद सामान में एक अधबना तमंचा और दो तैयार तमंचे मिले हैं। इसके अलावा 36 स्प्रिंग, 45 नाल और बारह बोर की नाल के कई टुकड़े भी बरामद हुए हैं।
पुलिस को 115 स्प्रिंग केस भी मिले हैं। हथियार बनाने के लिए बाई, रिंच, पेचकस, प्लास, बेंच वाइस और छैनी जैसे उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 41 ड्रिल बिट, ग्राइंडर, वेल्डिंग रॉड, आरी और रेती भी मिली है। पुलिस ने एक वेल्डिंग मशीन और दो प्रकार की खराद मशीन भी जब्त की है।
चार हजार में बनता, छह हजार में बिकता था तमंचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इमरान हथियार बनाने का काम करता था। दौराला निवासी कुलदीप मुख्य आपूर्तिकर्ता था, जबकि नरेंद्र बीच की कड़ी के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब चार हजार रुपये में तमंचा तैयार करते थे और फिर उसे छह हजार रुपये तक में बेच देते थे। यह गिरोह पंजाब, हरियाणा और आसपास के जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी करता था।
पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।