मेरठ। कई वर्षों से चली आ रही पश्चिमी उत्तरप्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग पूरी करने के लिए सभी सांसदों और विधायकों को एकजुटता से अभियान चलाना होगा। यह बात केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने शनिवार को कही।
विकास भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्रीय पशुपालन, मत्स्यपालन, डेयरी राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि यहां से इलाहाबाद की दूरी 700 किलोमीटर से ज्यादा होने के बावजूद हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नहीं होने से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ अन्याय किया जा रहा है। मेरा बस चले तो बेंच कल मिल जाए, मैं पूरी तरह तैयार भी हूं। लेकिन जिस दिन पश्चिम के सभी सांसद और विधायक मन बना लेेंगे तो शुरुआत हो जाएगी। इस लड़ाई में पश्चिम की सभी पार्टियों के सांसद और विधायकों को एक साथ आना होगा।
डॉ. बालियान ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों की लॉबी मजबूत है। बेंच लाने का काम एक व्यक्ति के बस की बात नहीं इसलिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे। केंद्रीय मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच न आने का कारण इलाहाबाद द्वारा किया जा रहा विरोध है। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान भी मेरी तरफ से संसद में बेंच की मांग को पुरजोर तरीके से रखा गया था। उस समय मैंने कहा था कि क्या इलाहाबाद के दस हजार वकीलों के लिए पश्चिम यूपी के आठ करोड़ लोगों का गला घोंटा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 22 करोड़ की जनसंख्या है। जहां एक हाईकोर्ट और केवल एक बेंच है, वह भी लखनऊ में है।