- शिकायतों के बाद भी नहीं हो रहा है रेल यातायात में सुधार
- रेवाड़ी से मेरठ आने वाली मेरठ छावनी पैसेंजर ट्रेन प्रतिदिन हो रही है लेट
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेरठ के रेल यात्रियों को नई दिल्ली से ईएमयू ट्रेन मिलने के बाद ही राहत की उम्मीद है। काफी समय से यात्री मेरठ छावनी पैसेंजर की लेट लतीफी से परेशान हैं। दो से तीन घंटे लेट चल रही है। बुधवार को भी यह ट्रेन मेरठ सिटी स्टेशन पर शाम 8: 23 बजे के स्थान पर रात्रि लगभग 12 बजे पहुंची। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मेरठ से नई दिल्ली के रास्ते रेवाड़ी तक चलने वाली मेरठ छावनी पैसेंजर ट्रेन संख्या 54411 वापस लौटते समय प्रतिदिन लेट चल रही है। इस ट्रेन से प्रतिदिन मेरठ, मोदीनगर, मुरादनगर, गाजियाबाद के लोग नई दिल्ली तक यात्रा करते हैं। यह ट्रेन दैनिक यात्रियों के लिए जानी जाती है। इस ट्रेन से प्रतिदिन व्यापारी, सरकारी व प्राइवेट नौकरी करने वाले लोग यात्रा करते हैं। पहले यह ट्रेन नई दिल्ली तक चलती थी, तो समय पर वापस लौटती भी थी। जब से रेलवे ने इस ट्रेन को रेवाड़ी तक किया है, तब से वापस मेरठ लौटते समय दो से तीन घंटे देरी से पहुंच रही है।
यात्रियों का कहना है कि अब यह ट्रेन दैनिक यात्रियों के मतलब की नहीं है। ट्रेन के देरी से चलने के कारण यात्री रात में समय पर अपने घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। रेल यात्री सतीश कुमार, जसवंत और खुर्शीद ने बताया कि ट्रेन को नई दिल्ली तक ही चलाने या फिर नई दिल्ली से मेरठ के लिए ईएमयू ट्रेन चलाने की मांग अनेकों बार डीआरएम और रेल मंत्री से कर चुके हैं। रेल यात्रियों की मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।