दौराला - मृतक वसी के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे भाकियू तोमर के पदाधिकारी। स्रोत : स्वयं
लोईया में वसी की हत्या के मामले में भाकियू तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीड़ित परिजनों से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। लोईया गांव में वसी की हत्या के मामले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भाकियू तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर समेत पदाधिकारी गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मिलकर सांत्वना दी।
संजीव तोमर समेत राष्ट्रीय सलाहकार इंद्रजीत सिंह सागवान, पवन त्यागी, जिलाध्यक्ष चौधरी इंतजार देशवाल ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने फोन पर एसएसपी से वार्ता कर मामले में तेजी लाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बताया गया कि वसी की हत्या घर के बाहर बैठे समय आमिर और शामिक ने गोली मारकर की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आमिर को मुठभेड़ में पकड़ लिया था, जबकि शामिक और एक अन्य आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द आरोपियों की पकड़ लिया जाएगा।