मंदिर में चोरी करने वाले की हुई पहचान
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में एक साथ दो मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर की पहचान हो गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के साथ ही दानपात्र से चोरी गई धनराशि भी बरामद की जाएगी।
शास्त्रीनगर ई-ब्लॉक स्थित शिव मंदिर और शनिदेव मंदिर में सोमवार रात चोरों ने दानपात्र खंगाल लिए थे। मंगलवार सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी समिति को दी। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें एक शख्स मुंह पर कपड़ा लपेटे दिखा। बुधवार को आरोपी की पहचान पंकज निवासी शास्त्रीनगर के रूप में हुई। मेडिकल पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश डाली जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अभी कितने लोग और जुड़े हैं, इसका भी पुलिस पता लगाएगी।