संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार रात को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में आइसक्रीम विक्रेता की मौत हो गई। दिल्ली निवासी दंपती घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कंकरखेड़ा क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे खिर्वा फ्लाईओवर के पास सड़क हादस हुआ। कांवड़ मेले से आइसक्रीम विक्रेता वापस जा रहा था। किसी वाहन ने आइसक्रीम विक्रेता को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू निवासी शहाबुद्दीनपुर रोड उत्तरी रामपुरी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हो सकी।
वहीं दूसरी ओर, रोहटा फ्लाईओवर पर भी हादसा हुआ। बाइक फिसलने से कांवड़िया दंपती घायल हो गए। यह कावड़िया दंपती हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली जा रहे थे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बाइक फिसलने से घायल हुए दंपती का उपचार फ्लाईओवर के पास ही रीता नर्सिंग होम में कराया जा रहा है। हादसों के संबंध में अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।