जानकारी के अनुसार मंगलवार को शिवराज अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। ससुराल पक्ष ने पत्नी को कुछ दिन बाद भेजने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद शिवराज देर शाम अपने घर लौटने के लिए वहां से चला गया।
कुछ समय बाद राहगीरों ने सूचना दी कि गांव के बाहर सड़क पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवराज की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। उसके तीन बेटियां और एक आठ वर्षीय बेटा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
प्रभारी चिकित्सक सुमित कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतक ने किसी जहरीले अथवा नशीले पदार्थ का सेवन किया था। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।