विवि में कॉपी देखने को लगी भीड़, रजिस्ट्रार से की दोबारा मूल्यांकन की मांग
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में बीएएमएस के दो कोड में सैकड़ों छात्र-छात्राओं को फेल कर दिया गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कॉपियों के दोबारा मूल्यांकन की मांग को लेकर विवि पहुंच गए। छात्रों ने बताया कि टॉपर्स छात्र-छात्राएं भी फेल कर दिए गए हैं। रजिस्ट्रार ने रैंडम चेकिंग कराने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कैंपस पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बीएएमएस प्रथम वर्ष का बृहस्पतिवार को विवि ने रिजल्ट जारी किया है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि पेपर कोड-103 और पेपर कोड-107 में 80 फीसदी की बैक आ गई है। आरटीआई में कॉपी देखने के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की भीड़ लग गई। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं से बात की। छात्रों ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं के बाकी विषयों में बहुत अच्छे नंबर लाए हैं, उनकी भी इन दोनों पेपर में बैक आ गई है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष देवेश राणा ने रजिस्ट्रार से मांग की है कि छात्रों की समस्या को देखते हुए रैंडम चेकिंग कराई जाए। छात्र-छात्राओं ने कहा कि कोड-102 और तृतीय वर्ष के पेपर कोड-307 में भी मूल्यांकन सही नहीं किया गया है।
मूल्यांकन में लापरवाही कर रहे शिक्षक
मूल्यांकन में लापरवाही के मामले विवि में लगातार आ रहे हैं। विवि ने इसको देखते हुए अब मूल्यांकन के नियमों में बदलाव भी किया है। अगर किसी शिक्षक पर लापरवाही से मूल्यांकन का मामला साबित होता है तो उसके खिलाफ विवि सख्त कार्रवाई भी करेगा। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष देवेश राणा ने कहा कि विवि प्रशासन से उनको उम्मीद है कि छात्र-छात्राओं को उनका हक दिलाया जाएगा।