प्रतिदिन सैकड़ों को मिल रहा राशन
- कंधे पर मशीन लगाकर राशन वितरण वाले घरों में ब्लीचिंग पाउडर से कर रहे सैनिटाइज
मेरठ। अमर उजाला फाउंडेशन के साथ जन कल्याण वेलफेयर सोसायटी और छावनी रामलीला कमेटी नियमित रूप से खाद्य सामग्री वितरित करने का कार्य कर रही है। जन कल्याण वेलफेयर सोसायटी ने अमर उजाला फाउंडेशन के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राशन वितरित किया। अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा, संगठन सचिव प्रदीप ढाका, उपाध्यक्ष अरुण मलिक, संजू धीमान, रोहित नरवाल, मनीष चौहान, देवेश तोमर आदि ने नई बस्ती, नंद विहार, गोलाबढ़, पेपला गांव, खड़ौली, सैनिक विहार कंकरखेड़ा आदि क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को वन किट वन फैमिली पैकेज राशन वितरित किया। अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा ने बताया कि सोसायटी पिछले 25 दिनों से राशन वितरित कर रही है। बृहस्पतिवार को जहां राशन वितरित किया गया उस क्षेत्र को ब्लीचिंग पाउडर युक्त मिश्रण से सैनिटाइज किया गया। दूसरी और संगठन सचिव प्रदीप ढाका ने सदस्यों के साथ राशन वितरित किया। श्री रामलीला कमेटी मेरठ छावनी द्वारा लगातार 29वें दिन सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए छावनी सहित कई जगह राशन वितरण हुआ। समिति ने काली नदी के पास अपना घर आश्रम में राशन वितरित किया। अध्यक्ष पवन गर्ग और महामंत्री गणेश अग्रवाल ने बताया कि तीन मई तक राशन वितरित किया जाएगा। इस दौरान कोषाध्यक्ष विजय गोयल बिजी, स्वागत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंधु, सुरेश लोधी आदि मौजूद रहे।