युवक को गोली कैसे लगी, घटना के 12 दिन बाद भी रहस्य बरकरार
सरधना। कुलंजन गांव में कुछ दिन पूर्व एक युवक के पेट में संदिग्ध परिस्थिति में गोली लग गई थी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक अब स्वस्थ होकर घर लौट आया है, लेकिन घटना के 12 दिन बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
कुलंजन गांव निवासी जयप्रकाश का बेटा शिवकुमार उर्फ बिट्टूू 17 जनवरी को गांव के बाहरी छोर पर स्थित आम के बाग के निकट संदिग्ध परिस्थिति में गोली लग गई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो युवक कंकरखेड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किसी व्यक्ति ने बिट्टू के पेट में गोली मारी है। लेकिन परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस वहां से बैरंग लौट आई। घायल युवक तीन दिन उपचार लेने के बाद घर लौट आया। घटना के 12 दिन बाद भी इस मामले में न तो परिजनों ने तहरीर दी है, न ही पुलिस ने इस मामले में कोई संज्ञान लिया है। घायल के पिता जयप्रकाश का कहना है कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी थी। सीओ आरपी शाही का कहना है कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच कराई जा रही हैं। थानाध्यक्ष से भी बात की जा रही है।