- स्विमिंग पूल में आकिल की डूबकर मौत होने के बाद पुलिस प्रशासन हो गया सक्रिय
विज्ञापन
- सभी थानेदारों को दिए निर्देश, अपने क्षेत्र में देखे कहां-कहां अवैध स्विमिंग पूल, होगी कार्रवाई संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। गर्मियों में अवैध रूप से संचालित स्विमिंग पूल से हर साल किसी घर की खुशियां गम में बदल जाती है। प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों की वजह से कोई न कोई घटना पूल में होती रहती है। आकिल की मौत के बाद एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने नगर निगम और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने शहर में बने स्विमिंग पूल की सूची मांगी है। सूची मिलने के बाद अवैध रूप से संचालित पूल स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी ने बताया कि जानकारी मिली है कि शहर में कई ऐसे स्विमिंग पूल संचालित है, जो अवैध रूप से चल रहे है। जिनके पास कोई अनुमति नहीं है। नगर निगम और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र भेजा गया है। जिसमें स्विमिंग पूल की सूची मांगी गई है। सूची आने के बाद संबंधित थानेदारों को स्विमिंग पूल पर अनुमति मांगने के लिए भेजा जाएगा। जो भी अवैध रूप से पूल संचालित होता हुआ मिला, उनके मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई पूल ऐसे में भी सामने आए है जिनके पास लाइफ गार्ड भी नहीं और न ही डाक्टर। रुपयों के लालच में पूल चला रहे है। अवैध पूल के खिलाफ सील लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गंगानगर और परतापुर एरिया में भी कई पूल संचालित हो रहे है। उनकी अनुमति भी मांगी जाएगी। एसपी सिटी ने कहा कि सूची आने के बाद सब के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।