वेबसाइट दे रहीं धोखा कैसे मिले योजनाओं का लाभ
मेरठ। एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया का नारा लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही हैं, लेकिन आए दिन सर्वर डाउन के कारण यह दावे लगातार खोखले साबित हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को सर्वर ठप होने कारण वेबसाइट डाउन रहीं, जिसके चलते कई छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति योजना का फॉर्म नहीं भर सके, जबकि फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी 10 अक्तूबर को निकल गई। ऐसे में अब जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के आगे छात्रवृत्ति न मिलने का संकट खड़ा हो गया है।
दरअसल समाज कल्याण विभाग की ओर से शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है। इस योजना में कॉलेजों की तरफ से छात्रों के ऑनलाइन आवेदन कराने होते हैं, लेकिन वेबसाइट न चल पाने के कारण यह कार्य अधूरा रह गया। छात्रों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से वेबसाइट बंद या धीमी रही। अब अंतिम तिथि निकल गई, ऐसे में कॉलेज की फीस भरने का संकट मंडरा गया है। परेशन छात्रों ने अधिकारियों से वेबसाइट शुरू कराने और तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है। जिससे वे अपना छात्रवृत्ति आवेदन कर सकें।
जनसुनवाई और किसान सम्मान निधि का भी यही हाल
समस्या का समाधान बने ‘जनसुनवाई पोर्टल’ का भी यही हाल है। इस पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है। जिससे जनता अपनी समस्या को पोस्ट नहीं कर पा रही है। वहीं, किसान सम्मान निधि वेबसाइट का सर्वर भी धीमा हो गया है। शुक्रवार शाम तक किसान सम्मान निधि की वेबसाइट नहीं चल सकी। जिससे किसान भी काफी मायूस रहे। इसके अलावा जिले में चल रही अन्य योजनाओं की वेबसाइटों का भी बुरा हाल है। कई बार दिन के समय वेबसाइट सर्वर पर लोड अधिक होने के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो पाता है। इससे गांव या अन्य दूरदराज से आए लोगों को वापस लौटना पड़ता है।
ये कहना है छात्रों का -
एक सप्ताह से वेबसाइट ठप
पिछले एक सप्ताह से छात्रवृत्ति के आवेदन के लिए कोशिश कर रहे थे, लेकिन वेबसाइट नहीं चली। - अंकुर सांगवान, डीएलएड, द्वितीय वर्ष
अब फीस कहां से देंगे
मैं तो पिछले कई दिनों परेशान हूं। अब छात्रवृत्ति की तिथि समाप्त हो गई। बताएं हम फीस कहां से देंगे। - अमित कुमार, बीएड, प्रथम वर्ष
ओपन ही नहीं हुई वेबसाइट
हर बार का यही रहता है। इस बार भी छात्रवृत्ति वेबसाइट चली ही नहीं। अंतिम समय में आकर तो वेबसाइट ओपन ही नहीं हुई। - सुमित, बीएड, द्वितीय वर्ष
लोड बढ़ने के कारण गति रही धीमी
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाने की सूचना अभी मुख्यालय से प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, वेबसाइट चल रही थी, लोड बढ़ने के कारण धीमी हो गई थी। - मौहम्मद मुश्ताक, समाज कल्याण अधिकारी