मेरठ। परतापुर इंडस्ट्रियल स्टेट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (पीमा) के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को उद्योग मंदिर सभागार में नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स समाधान शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम की ओर से टैक्स इंस्पेक्टर सुशील कुमार तथा चीफ टैक्स ऑफिसर एसके गौतम ने मौके पर ही उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक सुधार कराए।
पीमा अध्यक्ष निपुण जैन ने बताया कि लंबे समय से इस प्रकार के समाधान शिविर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि हाउस टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 जनवरी की जाए, ताकि सभी औद्योगिक इकाइयां सही तरीके से टैक्स जमा कर सकें।
उन्होंने बताया कि जीआईएस सर्वे के आधार पर तैयार किए गए कई हाउस टैक्स बिलों में त्रुटियां पाई गई हैं, जिसके चलते उद्योगपति आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। समय रहते सुधार न होने पर अनावश्यक विवाद उत्पन्न हो सकते हैं। पीमा उपाध्यक्ष राजीव सिंहल ने कहा कि इंडस्ट्रियल स्टेट परतापुर मेंटेनेंस सोसाइटी को नगर निगम से मिलने वाला 60 प्रतिशत हिस्सा कई वर्षों से लंबित है। इस संबंध में सभी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, बावजूद इसके अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है।