अगले कुछ दिन और मुश्किल भरे
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में किसी बड़ी राहत की संभावना नहीं है। पश्चिमी हवाओं और शुष्क मौसम के कारण तापमान ऊंचे स्तर पर बना रह सकता है। उन्होंने बताया कि दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी, जबकि रात में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
बाजारों और सड़कों पर दिखा गर्मी का असर
भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम हो गई है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सड़कें भी अपेक्षाकृत सूनी नजर आ रही हैं।
वायु गुणवत्ता सूचकांक भी खराब श्रेणी के करीब पहुंच गया है। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 292 दर्ज किया गया। गंगानगर में 279, जयभीम नगर में 262, एमआईईटी क्षेत्र में 371 और पल्लवपुरम में 258 दर्ज किया गया।
चिकित्सकों ने जारी की सलाह
तेज गर्मी और लू के कारण लोगों में पानी की कमी, सिरदर्द, चक्कर और थकान जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
पिछले सात दिनों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
तिथि तापमान
16 मई 24.1
17 मई 26.1
18 मई 27.6
19 मई 26.7
20 मई 26.2
21 मई 28.4
22 मई 29.1
स्पष्ट है कि पिछले एक सप्ताह में रात का तापमान लगातार बढ़ा है, जिससे लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।