मेरठ के लिसाडी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद में होटल में रोटी बनाने के दौरान सिलेंडर से गैस लीकेज होने से आग लग गई। आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग की चपेट में होटल के बराबर की दुकान भी आ गई। फायर विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
इस्लामाबाद में शाहरुख होटल चलाते हैं। शनिवार रात को होटल में गैस सिलेंडर लीकेज होने के चलते अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें होटल के बराबर में मौजूद डिस्पोजल की दुकान में पहुंच गई। सिलेंडर से आग की ऊंची ऊंची लपटों को देखकर दूर भागने लगे।
गनीमत रही कि इस दौरान होटल में मौजूद कर्मचारियों ने होटल से भागकर अपनी जान बचा ली और सिलेंडर नहीं फटा नहीं तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। आग से होटल और डिस्पोजल की दुकान में लाखों का नुकसान हुआ है। सीएफओ संतोष कुमार राय ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है।