-बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में हुआ हिंदू सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आरएसएस की स्थापना के शताब्दी वर्ष में रविवार को बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर डी-ब्लॉक शास्त्रीनगर में हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि स्वामी दीपांकर जी महाराज ने कहा कि आज पूरे विश्व में हिंदुत्व का डंका बज रहा है। हिंदुत्व को बचाने में मातृशक्ति का विशेष योगदान है। युवाओं को सोशल मीडिया पर हिंदुत्व की बात खुलकर कहनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि हम देश के लिए मर नहीं सकते, कहीं जा नहीं सकते तो उन लोगों के साथ तो हो सकते हैं जो देश या हिंदुत्व की सुरक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। अपने धर्म में जीना और मरना ही स्वर्ग है। हमें डर और लव जिहाद के कारण अपना धर्म छोड़ना नहीं है बल्कि अपने धर्म की रक्षा के लिए चट्टान की तरह खड़ा होना है। उन्होंने कहा जिस समाज को तलवार से कांटा नहीं जा सकता, उस समाज को जाति में बांट दो तो वह अपने टूट जाएगा। इसलिए हमें एकजुट रहना है।
मुख्य वक्ता आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य रूपेश कुमार ने संघ की 100 वर्ष की यात्रा व पंच परिवर्तन के बारे में बताया। इस्कॉन के ईश्वर मुकुंद दास ने कुटुंब प्रबोधन पर वक्तव्य प्रस्तुत किया। शिवांगी संगीत महाविद्यालय की ओर से शिव स्तुति की गई। मुक्ताकाश नाट्य संस्थान ने नाट्य प्रस्तुति दी। सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के बच्चों ने भी देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर प्रो. एनके तनेजा, संघ के विभाग प्रचारक विनीत कौशल, महानगर प्रचारक अनिकेत, डॉ. मुकेश, अवनीश, संगीता मक्कड़, सतीश गर्ग, संजीव रस्तोगी, संजय जैन आदि उपस्थित रहे।
यहां भी हुए सम्मेलन
गढ़ रोड स्थित वैशाली कॉलोनी के अर्जुन पार्क में हुए हिंदू सम्मेलन में राजराजेश्वरी मंदिर के ब्रह्मचारी दिव्यानंद महाराज व संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख सुरेंद्र सिंह ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता सपना आहूजा ने की। इस्माईल इंटर कॉलेज शास्त्रीनगर में मुख्य वक्ता जतन स्वरूप ने हिंदुओं से एकजुट होने का आह्वान किया। इस अवसर पर रजनी, डाॅ. नीरज, डॉ. अशोक गर्ग, श्योराज सिंह, सुरेंद्र ढाका, एनसी अग्रवाल, सीपी गर्ग आदि उपस्थित रहे। कल्याण देव शाखा सेक्टर पांच शास्त्रीनगर में यति मां चेतनानंद सरस्वती और महामंडलेश्वर नीलिमानंद महाराज ने एकजुटता का आह्वान किया। इस अवसर पर केशव बंधु, अरुण जिंदल आदि उपस्थित रहे। बागपत रोड स्थित ईहा पैलेस में फूल सिंह ने संघ की यात्रा के बारे में बताया। इस मौके पर मुनि कुमार, अंकित नंदन गर्ग, आचार्य तरुण रामानुज दास, साधना नंद, मनु देव आदि मौजूद रहे। वहीं, मलियाना में आचार्य कृष्ण महाराज ने विचार व्यक्त किए।यहां महंत महेंद्र नाथ, प्रवीण अग्रवाल, सुनील सिंह भी मौजूद रहे।