हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में तीन कैंटरों में भरे पशुओं की दुर्दशा देख हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने चालक और हेल्परों की जमकर धुनाई की। सूचना पर परतापुर और ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां आधे घंटे दोनों थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा, तब जाकर परतापुर पुलिस तीनों कैंटरों को थाने ले गई।
पुलिस के मुताबिक हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनूप रस्तोगी ने कार्यकर्ताओं के साथ बिजली बंबा बाईपास पर तीन कैंटर पकड़े। उनमें करीब 44 पशुओं को ठूस ठूसकर भरा हुआ था। कई पशुओं की हालत बहुत खराब थी। इस पर कार्यकर्ताओं ने तीनों कैंटरों के चालक और हेल्परों को जमकर पीटा और फिर पुलिस को सूचना दी। वहां पहुंची परतापुर और ब्रह्मपुरी थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसके बाद इंस्पेक्टर परतापुर ने तीनों कैंटरों को परतापुर थाने भेजा। वहीं पशुओं को रिठानी पशु चिकित्सालय में इलाज कराया और चालकों व हेल्परों को हवालात में बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि कैंटर में लदे पशुओं को स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में दिया गया है। इंस्पेक्टर परतापुर रघुराज सिंह ने बताया है कि अनूप रस्तोगी की तहरीर पर रहीसुद्दीन, इकरार, महमूद, नासीर निवासी लिसाड़ीगेट और इमरान, सोनू निवासी मुजफ्फरनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पढ़ें : महिला कांस्टेबलों से छुड़ाकर भीड़ ने बाइक चोर को धुना, हंगामा