जहां पूरा देश गणतंत्र दिवस की खुशी में सराबोर है। वहीं, अखिल भारत हिंदू महासभा ने बुधवार को महासभा कार्यालय पर काला झंडा लगाया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या को काला दिवस के रूप में मनाते हुए सीओ और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। दोनों पुलिस अफसरों ने ज्ञापन तो लिया। लेकिन काला झंडा नहीं उतरवाया।
हिंदू महासभा करीब 50 साल से प्रत्येक 25 जनवरी को शारदा रोड स्थित महासभा कार्यालय पर इसी तरह काला दिवस मनाती आ रही है। शाम छह बजे यहां महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. अशोक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। हिंदू महासभा और नाथूराम गोडसे जिंदाबाद के नारे लगाते हुए काला झंडा लगाया। मौके पर सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र चौहान और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह मौजूद रहे। उन्हें सौंपे ज्ञापन में राष्ट्रपति से वर्तमान संविधान को निरस्त कर हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग की। इस दौरान महासभा के जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष भरत राजपूत, वाईके वर्मा, शनि कुमार, अरविंद शर्मा, ऋषि कुमार, रतन शर्मा, प्रशांत पारासर, सोनू, दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।
झंडा भी नहीं उतारा पुलिस ने
पुलिस और प्रशासनिक अफसर हर साल काला झंडा छीनकर ले जाते थे। इस बार ऐसा नहीं हुआ। पुलिस ने ज्ञापन लिया, लेकिन काले झंडे को अपने साथ ले जाना तो दूर, छुआ तक नहीं। यही नहीं, पुलिस ने बंद कमरे में ज्ञापन लेने के लिए दबाव बनाया। पुलिस मीडिया के सामने ज्ञापन लेने से बचती रही।