हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ब्रहमपुरी क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर पशुओं से भरा कैंटर पकड़ लिया। उन्होंने कैंटर चालक पर अवैध कटान का आरोप लगाकर पैसों की मांग की। पैसे न देने पर चालक को पीटकर कैंटर में तोड़फोड़ की। हंगामे की सूचना पहुंची ब्रहमपुरी और परतापुर पुलिस ने मामला शांत कराया।
सरधना से पशुओं से भरा कैंटर हापुड़ रोड के लिए चला था। कैंटर में 15 भैंस और एक कटड़ा था। दिल्ली रोड पर बिजली बंबा बाईपास पर कैंटर को गोरक्षा दल और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रोककर चालक की पिटाई कर दी। चालक ने आरोप लगाया कि संगठन के लोग प्रत्येक पशु के हिसाब से 500 रुपये मांग रहे थे। उन्होंने गाड़ी की चाभी छीनकर शीशे तोड़ दिए। हंगामे की सूचना पर इंस्पेक्टर ब्रहपमुरी दिनेश सिंह और परतापुर पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर ब्रहमपुरी ने बताया कि कैं टर ड्राइवर ने अपना नाम अल्ताफ उर्फ शेरा निवासी सरधना बताया है। इसी बीच हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। इंस्पेक्टर ने चालक से तहरीर देने के लिए कहा तो हंगामा करने वाले भाग गए। इंस्पेक्टर ब्रहमपुरी ने बताया कि कैंटर को सीज कर पशुओं को काजी हाऊस भेज दिया गया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।
दस दिन पहले भी पकड़े थे दो कैंटर : पुलिस ने बताया कि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दस दिन पहले भी सुपरटेक के पास दो कैंटर पकड़े थे। कार्यकर्ताओं ने पशुओं को अपने घर ले जाने के लिए दबाव बनाया था। बाद में पुलिस ने काजी हाऊस भेज दिया था।