रोहटा। गांव रोहटा में आयोजित दंगल में पहलवान के मुकाबले की जीत पर सम्मानित करते अतिथि। संवाद
- माढ़ी के मेले में सजा दंगल, पहलवानों ने दिखाए जोरदार दांव
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। गांव रोहटा में शनिवार को माढ़ी पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही माढ़ी पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद मेले में भीड़ बढ़ गई। इस दौरान कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन रोहटा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चमन प्रधान और उमेश गुर्जर ने संयुक्त रूप से किया। आसपास के गांवों के अलावा हिमाचल, पंजाब, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत और रुड़की से पहुंचे पहलवानों ने विभिन्न मुकाबलों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में हिमाचल के पहलवान लाड़ी ने गाजियाबाद के राहुल को हराया। भूरा ने पंजाब के राजा, मेरठ के सचिन ने रुड़की के सोनू, बागपत के निर्भय ने भूरा, गौरव ने दीपक तथा दीपक ने दिल्ली के पहलवान मतीन को हराया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। दंगल में इंद्रपाल सिंह ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई। इस दौरान रालोद नेता रणवीर दहिया, रविभारत चिकारा, अक्षय, कुंवरपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।