नोट- यह खबर शहर में भी लगाए
- पुजारी से हाथापाई के बीच बिखरा हवन कुंड, तीन फेरे के बाद रुकवाई शादी
- दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया, आज कंकरखेड़ा पुलिस युवती के कोर्ट में कराएंगे बयान दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना/कंकरखेडा। मवाना के शिवपुरी कॉलोनी के शिव मंदिर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी युगल के विवाह के दौरान युवती पक्ष के लोगों ने धावा बोल दिया। प्रेमी युगल जब मंदिर में सात फेर ले रहे थे, तभी परिजनों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। तीन फेरे पूरे होते ही परिजनों ने जबरन शादी रुकवा दी। इस दौरान पुजारी के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे हवन कुंड की पूजा सामग्री पूरे मंदिर परिसर में बिखर गई। सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस युवक और युवती को हिरासत में लेकर चली गई। आज युवती के कोर्ट में बयान कराएए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का मवाना के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक मवाना में मिल रोड स्थित एक दूध प्लांट में नौकरी करता है। युवती एक सितंबर को प्रेमी के घर आकर रहने लगी थी। दोनों ने कोर्ट मैरिज के लिए पत्राजात तैयार कर रखे थे, लेकिन अभी कोर्ट मैरिज नहीं कर सके। शुक्रवार को शादी के बाद कोर्ट में मैरिज करने की तैयारी थी। प्रेमी युगल समाज के सामने अपने रिश्ते को धार्मिक व सामाजिक मान्यता देने के लिए शुक्रवार को शिवपुरी कॉलोनी के शिव मंदिर में शादी की रस्में पूरी कर रहे थे।
मंदिर में मची अफरा-तफरी
शादी की भनक लगते ही युवती के परिजन दर्जनों लोगों के साथ अचानक शिव मंदिर आ पहुंचे। उन्होंने विवाह का तीखा विरोध करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। परिजनों ने शादी करा रहे पुजारी को तुरंत रस्में रोकने की धमकी दी। युगल अभी तीन फेरे ही ले पाया था कि परिजनों ने पुजारी के साथ हाथापाई और धक्का-मुक्की करते हुए रस्मों को बीच में ही रुकवा दिया। इस दौरान हुई तीखी झड़प में एक परिजन का पैर जलते हुए हवन कुंड से जा टकराया, जिससे जलती लकड़ी और पूजा सामग्री पूरे मंदिर में फैल गई और प्रेमी के परिजन जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
कंकरखेड़ा पुलिस ले गई मवाना से अपने साथ
मंदिर में स्थिति बिगड़ती देख युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। पुलिस प्रेमी युगल और उनके परिजनों को हिरासत में लेकर मवाना कोतवाली आई। पूछताछ में पता चला कि युवती के परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा रखी है। मवाना पुलिस की सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस मवाना कोतवाली पहुंची और दोनों पक्षों और प्रेमी युगल को कंकरखेड़ा थाने ले गई। युवती का कहना था कि वह अपना घर छोड़कर आ गई है, उसे अब प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना है। वह बालिग है, शिक्षित और प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाती है। उधर, युवक के दोस्त ने थाने में दी तहरीर में बताया है कि शादी के दौरान युवती के भाई अपनेलोगों को लेकर पहुंचे और गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी, तीन मोबाइल लेकर तोड़ दिए।
सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस ने कंकरखेड़ा थाने को सूचना दे दी थी। कंकरखेड़ा थाना पुलिस प्रेमी युगल को अपने साथ ले गई है। शनिवार आज युवती को कोर्ट में पेश कर बयान कराए जाएंगे। तहरीर के संबंध में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-