हाईटेक तरीका : इंस्टाग्राम आईडी से छात्राओं
तक पहुंचीं पुलिस, सिवाया टोल से बरामद
मेरठ/दौराला। आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र से लापता हुईं दो छात्राओं को मेरठ पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी और सोशल मीडिया पर संदेशों के सहारे ही बरामद करने में कामयाबी हासिल कर ली। पुलिस ने पूरी तरह घेराबंदी करने के बाद मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा के पास से छात्राओं को बरामद कर लिया। दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आज कोर्ट में पुलिस छात्राओं के बयान दर्ज कराएगी।
16 दिसंबर को थाना मलपुरा निवासी 10वीं और 12वीं की छात्राएं स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। छुट्टी के बाद भी वह घर नहीं लौटीं। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि छात्राएं स्कूल नहीं पहुंची थीं। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने कई टीमों को छात्राओं की तलाश में लगाया। रविवार को पुलिस ने छात्राओं की इंस्टाग्राम पर बनी आईडी को ऑनलाइन देखा तो उनसे संपर्क किया। छात्राओं ने इसका जवाब भी दिया। पुलिस ने छात्राओं से पूछा कि उन्हें पैसे की जरूरत हो तो वह उपलब्ध करा सकते हैं। उनकी लोकेशन ऋषिकेश में मिली।
इसके बाद छात्राओं को मेरठ आने के लिए कहा गया। छात्राएं मेरठ के लिए रवाना हुईं। आगरा पुलिस ने टोल प्लाजा पर एक बस से दोनों छात्राओं को बरामद कर लिया। आगरा पुलिस ने बताया कि सोमवार को छात्राओं के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस ने छात्राओं को परिजनों के सुपुर्द किया है। चर्चा है कि छात्राएं आत्मनिर्भर बनने के लिए घर से निकली थीं।
----
सीसीटीवी से भी जांच करती रही पुलिस
पुलिस ने सबसे पहले स्कूल जाने वाले सीसीटीवी और मेन रोड से अन्य मार्गों पर जाने वाले सीसीटीवी देखे। इसके अलावा दोनों के जितने भी सोशल मीडिया एकाउंट्स थे उन्हें देखा गया। बारहवीं की छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह आईपीएस बनना चाहती है। सर्विलांस और साइबर टीम द्वारा इंस्टाग्राम की आईडी के माध्यम से पकड़ा गया। पुलिस ने एक मेसेज छोड़ा- इसमें लिखा कि अगर उन्हें पैसे की जरूरत या अन्य कोई परेशानी हो तो इस नंबर पर कॉल करें। पुलिस ने मेसेज में अपना नंबर छोड़ा। इस पर रिप्लाई आया तो पुलिस ने नंबर जांचा तो वह ऋषिकेश में जाकर लोकेशन मिली। इस पर पुलिस ने कुछ और मेसेज छोड़े। इसमें कहा गया। पुलिस ने मेरठ-मुजफ्फरनगर मार्ग पर स्थित दौराला टोल प्लाजा के पास बसों की चेकिंग करना शुरू कर दिया और एक बस से दोनों बालिकाओं को बरामद कर लिया और उन्हें समझा बुझा कर उनके परिजनों को सौंप दिया।