मेरठ। कोरोना के खौफ के दौरान गरीबों और झोपड़ी में रहने वाले जरूरतमंदों के लिए सामाजिक एवं धार्मिक संगठन मददगार साबित हो रहे हैं। अमर उजाला फाउंडेशन के साथ जन कल्याण वेलफेयर सोसायटी, छावनी रामलीला कमेटी और समाजसेवी पवन गुर्जर की टीम शहर में सेवा कर रहे हैं। इन मुश्किल हालात में शहर के लोगों को खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है।
शहर में अमर उजाला फाउंडेशन के साथ जन कल्याण वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा, संगठन सचिव प्रदीप ढाका, मनीष चौहान, अमरपाल सिंह, अरुण मलिक आदि ने शेखपुरा, हरदेव नगर, आनंद विहार, मलियाना, खड़ौली आदि क्षेत्रों में जरूरतमंदों को वन किट वन फैमिली पैकेज राशन वितरित किया। सोसायटी ने मंदिरों के पुजारियों को भी राशन प्रदान किया। सोसायटी के अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा ने बताया कि सोसायटी लॉकडाउन रहने तक ऐसे असहाय परिवारों को राशन वितरित करती रहेंगी जो वास्तव में रोजी-रोटी से वंचित हैं।
वीरू कुआं पर बांटा भोजन
श्रीरामलीला कमेटी मेरठ छावनी द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए 24 दिन से भोजन बांटा जा रहा है। शनिवार को टीम ने वीरू कुआं, खारी कुआं एवं मोरी पाड़ा निकट कोतवाली आदि स्थानों पर खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान अध्यक्ष पवन गर्ग, महामंत्री गणेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विजय गोयल बिजी, सुरेंद्र सिंधु व सुरेश लोधी आदि उपस्थित रहे।
लिसाड़ी क्षेत्र में किया सैनिटाजेशन
लिसाड़ी क्षेत्र में समाजसेवी पवन गुर्जर के नेतृत्व में दक्षिण विधानसभा में लिसाड़ी, शांतिनगर, गुर्जर कॉलोनी, माधवपुरम आंबेडकरनगर, इस्माईल गार्डन, न्यू फ़्रेंड्स कॉलोनी में भोजन, दवा, सैनिटाइजर, मोहल्लों को सैनिटाइज किया जा रहा है। पवन गुर्जर की टीम ने भोजन और दवा बांटीं। यहां निशांत भड़ाना, अरुण, रोहित कुमार, अमित पाल, नीरज जाटव आदि रहे।