गंगनहर पुल पर डयूटी के दौरान सड़क किनारे बैठै पुलिस कर्मी-बैरियर के पास से निकलते भारी वाहन
- फोटो : SARDANA
कांवड़ मार्ग पर बढ़ा भारी वाहनों का दबाव
सरधना। गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर हाइट गेज टूटने के बाद से भारी वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिस पिकेट भी वाहनों को रोकने का प्रयास नहीं कर सकती। भारी वाहनों से हादसे होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिससे लगातार सड़क हादसों में बढ़ोतरी हो रही है। संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के द्वारा डीएम व एसएसपी के साथ तमाम अधिकारियों से कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों को रोकने के लिये हाइटगेज लगवाने की मांग की थी। सिंचाई विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग पर गंगनहर पुलों पर हाइट गेज लगवाए भी गए, लेकिन वह दो तीन दिन में ही टूट गए। उसके बाद से हाइट गेज फिर से नहीं लगाए गए। जिसके चलते भारी वाहन फिर से दौड़ रहे हैं। भारी वाहनों के चलते सड़क पर हादसे होनें की आशंका बनी रहती है। कुछ दिन पूर्व कपसाड़ के निकट कैं टर-कार की टक्कर में दो महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। कांवड़ मार्ग पटरी पर भारी वाहनों को रोकने के लिये पुलिस व प्रशासन के द्वारा कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मी केवल जाम खुलवाते हैं। बड़े वाहनों को रोकने की जहमत नहीं उठाते। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने कहा कि सिंचाई विभाग व पीडब्लूडी विभाग को पत्र लिखा गया हैं।