वहीं रामपुर मनिहारन में जुमे की नमाज पढ़कर निकल रहे एक युवक की विद्युत पोल में आए करंट से मौत हो गई। युवक की अगले माह शादी होनी थी। वहीं, हैदरनगर में छत के भरभराकर गिरने से गृह स्वामी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। गंगोह में दो भाइयों के मकान गिर गए। गनीमत यह रही कि उस समय दोनों घरों में कोई सदस्य नहीं था।
रामपुर मनिहारन के मोहल्ला बाजार कलां निवासी सोनू पुत्र महबूब (26) की दिल्ली रोड थाने के पास स्पेयर पार्ट्स की दुकान थी। दोपहर दो बजे वह दिल्ली रोड स्थित तकिए वाली मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ने गया था। नमाज पढ़ने के बाद सोनू मस्जिद से बाहर आ रहा था। उसी समय विद्युत पोल में आए करंट की चपेट में आने से सोनू गिर पड़ा। दूसरे नमाजी लाइन बंद कराकर सोनू को चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि एक माह बाद सोनू की शादी होने वाली थी उसका रिश्ता कैराना हुआ था। परिजनों ने हादसा बताकर किसी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया। लोगों का कहना है बारिश के कारण पोल में करंट आया हुआ था।
तीतरों प्रतिनिधि के मुताबिक हैदरपुर निवासी चालीस वर्षीय जसबीर सिंह बृहस्पतिवार रात खाना खाने के बाद मकान में सो गया था। पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में जाकर सो गए। बारिश के चलते देर रात जसबीर के मकान की छत भरभरा कर गिर पड़ी। आवाज सुनकर जागे परिजनों ने जसबीर को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
वहीं, रादौर में दो मकान गिरने से हजारों रुपये के सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गांव निवासी सीताराम और ज्योतिराम के बारिश के चलते मकान ढह गए। उस समय उनके परिवार के खेत पर होने के कारण कोई जनहानि नहीं हो सकी।
गंगोह में भी बारिश के चलते बहलोलपुर गांव में मनोज और उसके भाई जितेंद्र के मकान गिर गए। उस समय दोनों के परिवार बाहर थे। अन्यथा बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि मलबे में दबकर हजारों रुपये का सामान खराब हो गया।
यमुना का पानी खेतों में घुसा
खादर क्षेत्र में कई गांवों के जंगल में यमुना का पानी खेतों में घुस आया है। इससे हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई है। बारिश से यमुना नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर से तटवर्ती गांवों के लोग दहशत में है।
क्षेत्र के गांव नसरूल्लागढ के पास यमुना नदी का पानी खेतों में घुस गया है। खेतों में बने रठानों से किसान अपने पशु लेकर गांव में लौट आए है। प्रधान पति सतपाल सैनी ने बताया कि गांव की आबादी से करीब एक किलो मीटर दूरी तक यमुना का पानी पहुंच चुका है तथा किसानों की हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई है। टाबर, रानीपुर बरसी, धुंधामाजरा, सहस्रपुर जट व सनौली आदि गांवों के जंगलों में भी कहीं-कहीं यमुना का पानी खेतों में घुसने लगा है। बृहस्पतिवार की रात से हो रही लगातार बारिश के कारण स्कूलों में बच्चों की संख्या बेहद कम रही। बाजारों में भी ग्रामीणों के न पहुंचने के कारण दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। एसडीएम युगराज सिंह ने बताया कि यमुना नदी का पानी कई गांवों के जंगल में पहुंच गया। एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/