फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परतापुर में वीनेक्स फैक्टरी में लगी भीषण आग, करीब तीन करोड़ का नुकसान

Mon, 17 Aug 2020 02:19 AM IST
मेरठ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ 
विज्ञापन
1 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

परतापुर थाना क्षेत्र में स्थित एक नामचीन स्पोर्ट्स फैक्टरी में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू में करने के लिए तीन जनपदों की फायर ब्रिगेड की एक दर्जन गाड़ियां रात भर इधर से उधर दौड़ती रहीं। 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। आग में फैक्टरी में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

विज्ञापन


कारोबारी अशोक भल्ला की परतापुर के उद्योगपुरम में वीनेक्स स्पोर्ट्स के नाम से खेल का सामान बनाने की फैक्टरी है। फैक्टरी के गार्ड राजू ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे फैक्टरी में अचानक आग लग गई। गार्ड ने सूचना कंपनी मालिक और फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची जिलेभर की फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पा सकीं।

आग की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सीएफओ संतोष राय ने बताया कि इसके बाद गाजियाबाद और हापुड़ से भी फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। लगभग 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर करीब एक बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान फैक्टरी में करोड़ों के नुकसान की बात कही जा रही है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
विज्ञापन


फैक्टरी मालिक अशोक भल्ला ने बताया कि शनिवार को लॉकडाउन व स्वतंत्रता दिवस के कारण कंपनी की छुट्टी होने के चलते कोई मजदूर नहीं आया था। कंपनी में सुरक्षा गार्ड ही मौजूद थे। शार्ट सर्किट के कारण लगी आग से करीब तीन करोड़ रुपये का नुकसान का अंदेशा लगाया जा रहा है। बाकी मुंबई से डाटा मंगाया जा रहा है, जिसके बाद आग में जले सामान के नुकसान का आकलन किया जा सकेगा

70 गाड़ी पानी लगा आग बुझाने में
भीषण आग को बुझाने के लिए मेरठ समेत दो अन्य जिलों से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मंगाई गई थी। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रातभर पानी लाने के लिए सुपरटेक, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, एसजी, भल्ला कंपनी व कई अन्य जगहों पर दौड़ती रही।

लॉकडाउन के कारण माल सप्लाई नहीं हो सका
फैक्टरी मालिक शेखर भल्ला ने बताया कि कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में फैक्टरी को बंद करना पड़ा था। जिसके चलते तैयार माल फैक्टरी व गोदाम में रखा था। लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद आर्डर आया था, जिसे सोमवार को भेजना था।

रात भर अंधेरे में डूबा रहा उद्योगपुरम
वीनेक्स स्पोर्ट्स में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग के चलते सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए पूरे उद्योगपुरम की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। जिसके चलते रातभर उद्योगपुरम अंधेरे में डूबा रहा।

उद्यमी का बेटा दूसरी मंजिल से कूदा, घायल
फैक्टरी में आग लगने के दौरान फैक्टरी मालिक के बेटे संजय भल्ला दूसरी मंजिल पर अपने केबिन में कार्य कर रहे थे। गार्ड राजू ने आग लगने की सूचना संजय को दी, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। चारों ओर से आग से घिरा देख संजय भल्ला ने दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। नीचे गिरने से वह बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

समय रहते फैक्टरी से निकाले सिलिंडर
शुक्रवार को मंगाए गए पांच गैस सिलेंडर भी फैक्टरी में आग लगने के दौरान रखे हुए थे। फायर कर्मियों ने इन सिलिंडरों को फैक्टरी से बाहर निकाला अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें