दो दिन में 5.3 डिग्री बढ़ा तापमान
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद मौसम में बदलाव जरूर आया था, लेकिन अब दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तेज धूप और उमस के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में कोई बड़ी गिरावट होने की संभावना नहीं है। दिन के समय तेज धूप और उमस का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि फिलहाल मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।
बारिश से सुधरी हवा की गुणवत्ता
बारिश का सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर देखने को मिला है। वातावरण में धूल के कण कम होने से प्रदूषण स्तर में कमी दर्ज की गई है। इससे हवा पहले के मुकाबले कुछ साफ हुई है। रविवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 201 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद प्रदूषण में कमी आई है, हालांकि गर्मी और उमस से राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।