हस्तिनापुर। इन दिनों सर्दी और स्मॉग ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। सर्दी के कारण बच्चों सहित अन्य लोगों की सेहत बिगड़ रही है। ऐसे हालात में मंगलवार को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 250 मरीज ओपीडी में पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सर्दी और स्मॉग से बचने की सलाह दी है।
पिछले एक सप्ताह से मौसम तेजी से बदला है। खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित बच्चे सीएचसी में अधिक पहुंच रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डाॅ. अमित त्यागी ने बताया कि मंगलवार को करीब 250 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें अधिकतर बच्चे ही थे। उन्होंने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। ऐसे में बच्चे बीमार हो रहे हैं। शिशुओं में वायरल, डायरिया, उल्टी करना, ब्रोंकाइटिस अस्थमा (सांस लेने में तकलीफ), निमोनिया, छाती का संक्रमण, जुकाम, खांसी जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। बच्चों की जांच के बाद उन्हें दवाएं देने के साथ ही जरूरी सावधानियां बताई गईं।
-
बच्चों को गर्म और पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं
सीएचसी प्रभारी डॉक्टर अमित त्यागी ने बताया कि बच्चों को गर्म और पूरी बाजू के कपड़े पहनाने चाहिए। बच्चों के सिर, पैर व कानों को हमेशा ढककर रखें। सिर और पैरों से ही ठंड शरीर में प्रवेश करती हैं। घुटनों के बल चलने वाले बच्चों को हाथों में दस्ताने पहनाएं। जिन महिलाओं की हाल ही में डिलिवरी हुई है, उनको ठंडे पानी से दूर रहना चाहिए। बीमार होने पर बच्चे को तत्काल योग्य चिकित्सक को दिखाएं।