जिले में 11,67,858 बच्चों-किशोरों को खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति के लिए दवाई
मेरठ। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 10 फरवरी 2023 को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की दवाई एक से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों व किशोरों को खिलाई जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि जिले में 4110 विद्यालयों, 375 मदरसा, 2076 आंगनबाड़ी केंद्रों के अध्यापक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्व में प्रशिक्षण दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि बच्चे हमारे राष्ट्र का भविष्य हैं, उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ ना करते हुए सभी बच्चों को कृमि मुक्ति की दवाई अवश्य खिलाएं। एक से दो वर्ष के बच्चों को आधी गोली पीसकर 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली पीसकर तथा 3 से 19 वर्ष के बच्चों व किशोरों को गोली चबाकर खिलानी है। किसी भी स्थिति में घर के लिए एल्बेंडाजोल की दवाई नहीं देंगे। दस फरवरी 2023 को नगर के बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल जागृति विहार में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।