एफएसडीए ने 1100 किलो मावा नष्ट कराया
- 158 किलो नमकीन जब्त, 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने 1100 किलो मावा नष्ट कराया, जबकि 158 किलो नमकीन जब्त की है। 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को वेस्टर्न कचहरी रोड से पोटैटो चिप्स, सोतीगंज से किशमिश, माधवपुरम से नमकीन, लाल कुर्ती से बर्फी और कचरी के नमूने लिए गए। सरधना से दूध, मावा, वेस्टर्न कचहरी रोड से बर्फी, चना पेड़ा, लाल का बाजार से मावा और अब्दुल्लापुर से सरसों के तेल के नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इनके अलावा माधवपुरम से 158 किलो नमकीन जब्त किया गया। सरधना से 1100 किलो मावा नष्ट किया गया। एफएसडीए की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा, मोहित कुमार, तन्मय अग्रहरि, सुमन पाल, निशिकांत, मनोज कुमार कलश्यान, पीवी सिंह, अनिल कुमार, अनिल कुमार गंगवार, वैभव शर्मा, विशाल चौधरी, रमेश चंद्र और भोगेंद्र प्रसाद आदि शामिल रहे।