मेरठ। दिवाली के बाद फिर से कोरोना का संक्रमण बढ़ने का खतरा है। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग कोरोना जांच के लिए फिर से घर-घर दस्तक देगा। इसके लिए 17 से 27 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा।
कोरोना का हमला जारी है। पिछले 14 दिन में 1665 नए मरीज मिले हैं और 30 लोगों की मौत हुई है। यानी हर रोज 118 से ज्यादा मरीज मिलने का औसत है। मौत का औसत भी हर रोज करीब दो से अधिक है। दरअसल, त्योहारी सीजन में लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। कोरोना प्रोटोकॉल की लापरवाही भी हो रही है। इस बाबत शासन भी अंदेशा जता चुका है कि नवंबर-दिसंबर में फिर से कोरोना की बड़ी लहर आ सकती है। ऐसे में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर फिर से अभियान चलाया जाएगा। दूसरी तरफ जिले के 18 सरकारी विभागों में करीब एक लाख कर्मचारी कार्यरत हैं। उनकी एवं उनके परिजनों की सेहत का डाटा एकत्र किया जा रहा है। यदि किसी अन्य स्रोत से बीमारी का पता चला तो कर्मचारी खिलाफ जिलाधिकारी कार्रवाई करेंगे।
उधर, सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि 17 नवंबर से अभियान चलाकर ऐसे लोगों की सूची बनाई जाएगी। जिन्हें पिछले कई दिन से खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत है। उनकी जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इलाज शुरू किया जाएगा।