मेरठ। रोहटा रोड के एक गांव में यूपी पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल के 16 वर्षीय बेटे ने गांव की ही 14 वर्षीय छात्रा के साथ शुक्रवार सुबह छेड़छाड़ कर दी थी। परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे। जहां परिजनों की तहरीर पर नाबालिग आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश कर दिया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित एक गांव निवासी युवक ने शुक्रवार को थाने में केस दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी एक स्कूल की दसवीं की छात्रा है। उनके पड़ोस में यूपी पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल परिवार के साथ रहते हैं। वर्तमान में हेड कांस्टेबल की तैनाती दूसरे जिले में है। पीड़ित के अनुसार हेड कांस्टेबल का 16 बेटा वर्षीय बेटा कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। जिसको लेकर पीड़ित परिवार ने आरोपी के परिजनों को मामले से अवगत कराया था।
शुक्रवार सुबह उनकी बेटी बाजार जा रही थी। इसी बीच आरोपी ने उसका पीछा शुरू कर दिया। घर से कुछ दूरी पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी। छात्रा ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी देने व एससी/एसटी में केस दर्ज कर दिया। सीओ दौराला प्रकाशचंद अग्रवाल का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।