कंकरखेड़ा। पल्लवपुरम व कंकरखेड़ा में बाइक लूटने वाले तीन बदमाशों आयुष मलिक, तुषार और विशाल को पुलिस ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर योगीपुरम चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ेे गए लुटेरे आयुष मलिक निवासी शिवलोकपुरी के पिता यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वहीं, तुषार चौहान शिवलोकपुरी के पिता डीएम कार्यालय में चपरासी हैं। तीनों स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अनूपनगर निवासी मनोज कुमार जैमोटो में डिलीवरी बाॅय है। 28 जून को वह काम खत्म कर बाइक से लौट रहा था। कैंट रोड पर राजेश एन्क्लेव के पास स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उस पर हमला कर स्प्लेंडर बाइक लूटी थी। तीनों बदमाशों ने एक जुलाई की रात को पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के दुल्हैड़ा गांव के रजबहे पर हस्तिनापुर निवासी सचिन से भी बाइक लूटी थी।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जांच पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूटी गई दोनों बाइक बरामद कर ली।
आयुष हार गया था गेम में रुपये, तुषार का टूट गया था मोबाइल और विशाल को उतारना था कर्ज
एसपी सिटी ने बताया कि आयुष ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन गेम में 25 हजार रुपये हार गया था। जिसको लेकर परेशान चल रहा था। तुषार ने बताया कि उसका मोबाइल टूट गया था और नए मोबाइल की जरूरत थी। तीसरे आरोपी ने ब्याज पर पैसे ले रखे थे। सूदखोर लगातार पैसे को लेकर परेशान कर रहा था। इसलिए तीनों ने मिलकर बाइक लूट की थीं।
-