मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब बच्चों को लेकर स्कूल जा रही हस्तिनापुर पब्लिक स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
थाने के पास बस से निकलने लगा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही गणेशपुर मार्ग पर थाने के पास अनाज मंडी के करीब पहुंची, तभी उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और बच्चों को तेजी से नीचे उतारना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया है कि बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे।