- जिले के 572 गावों में हर घर तक पहुंच जाएगा पाइप लाइन से पानी
- 100 गांवों में पहले से ही टोंटी से मिल रहा है पानी, अब 472 में है तैयारी
- 300 गांवों में पानी की टंकी और पाइप लाइन डालने का चल रहा है काम
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक जिले के समस्त 572 गांवों की जनता पाइप लाइन के पानी से प्यास बुझाएगी। मिशन की सफलता के लिए मई माह के राष्ट्रीय सर्वेक्षण की सर्वोत्तम प्रदर्शन वर्ग की तीन सितारा सूची में मेरठ को शामिल किया गया है।
भूगर्भ जल दूषित हो रहा है। साथ ही जलदोहन के कारण भूगर्भ जल स्तर गिरता जा रहा है। इसलिए सरकार ने गांवों की जनता को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की जल जीवन मिशन योजना शुरू की थी। इसके लिए जनपद के 472 गांवों का चयन किया गया है। 300 गांवों में पानी की टंकी बनाने और पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। बाकी 172 गांवों में परियोजना की डीपीआर बनकर तैयार है।
भारत सरकार के जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में विभिन्न श्रेणियों में मानकों को पूरा करते हुए योजना के कार्यों को पूरा किया जा रहा है। मई माह की रिपोर्ट के अनुसार अच्छे प्रदर्शन के लिए मेरठ को तीन सितारा सूची में शामिल किया गया है। इसको लेकर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के गांवों में प्रत्येक ग्रामीण परिवारों तक पेयजल पहुंचाने के साथ साथ जल संरक्षण, नदी संरक्षण, भूगर्भ जल संचयन के प्रयास तेजी से चल रहे हैं।
- जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में उपलिब्ध मिली है। 2024 तक हर कीमत पर जिले के 472 गांवों में हर घर तक नल कनेक्शन पहुंच जाएगा। शशांक चौधरी, सीडीओ।