हाईटेंशन तार की चिंगारी से 65 बीघा गेहूं की फसल जली
मुरादनगर। पाइप लाइन मार्ग स्थित मथुरापुर गांव में रविवार दोपहर हाईटेंशन की चिंगारी से 65 बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने आग की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। जिसके कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
मथुरापुर गांव निवासी मोहित नागर व हिमांशु ने बताया कि खेतों के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन जा रही है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से पहले एक खेत में आ लगी। कुछ ही देर में आग तेज हो गयी और दूसरे खेतों की फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी और मिटटी व पानी से आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन सूचना के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। बताया कि आग में किसान कृष्णपाल की तीन बीघा, हरीश व गम्मन की 4-4 बीघा, बेगराज की 10 बीघा, अशोक की 15 बीघा, विजय की पांच बीघा, प्रवीन की 20 बीघा गेहूं की फसल जल गयी।